छाछ के फायदे
दही के फायदों के बारे में तो आप जानते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दही में पानी डालकर मथने से जो छाछ तैयार किया जाता है वो दही से ज्यादा फायदेमंद होता है। ग्रामीण इलाकों में आज भी मट्ठा या छाछ का उपयोग प्रमुखता से किया जाता है। इस लेख में हम आपको छाछ के फायदे और सेवन के तरीके के बारे में विस्तार से बता रहे हैं। छाछ के प्रकार दही के स्वाद के अनुसार ही छाछ भी मीठा, खट्टा और बहुत खट्टा हो सकता है। पानी मिलाने और मक्खन निकालने की मात्रा के आधार पर छाछ के कई प्रकार होते हैं। बिना जल के केवल दही को मथ कर तैयार किया गया तक्र ’घोल‘, एक-चौथाई जल मिलाकर तैयार किया गया ’तक्र‘ तथा आधा जल मिलाकर तैयार किया ’उदश्वित्‘ कहलाता है। स्नेह (घी) निकाल कर बिना जल मिलाए मथा गया दही ’मथित‘ कहलाता है। छाछ के गुण आयुर्वेद में छाछ के अनेक गुणों के बारे में बताया गया है। छाछ में लघु, मधुर, अम्ल, अग्नि बढ़ाने वाले, स्रोतों (Body Channels) को स्वच्छ करने वाले गुण होते हैं। खाना खाने के बाद छाछ का सेवन करना पाचन के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। छाछ में नमक मिला कर पीने से यह पाचन-शक्ति को बढ़ाती है। ...